मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में 8029 लाभार्थियों को दिए आवंटन प्रमाण पत्र

-डेवलपमेंट ग्रांट के रूप में 2,697 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई

-धनतेरस पर भी खुली रहेंगी तहसील, हो सकेगी रजिस्ट्री

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर । हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गरीब परिवारों को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत प्रदेशभर में लाभार्थियों को 141 ग्राम व 2 महाग्राम पंचायतों में 8029 प्लॉटों का आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के दूसरे चरण में पिंजौर शहर में 518 प्लॉटों का भी आवंटन किया गया।

जिला पंचकूला में हरियाणा सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के कुछ लाभार्थियों को मंच पर आवंटन पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि 100 गज के जिन लाभार्थियों को आज अधिकार पत्र प्रदान किए गए हैं, उनको रजिस्ट्री कराने की सुविधा के लिए धनतेरस के दिन भी तहसील खुली रहेंगी। नायब सिंह सैनी ने कहा कि विगत 26-27 जुलाई को ग्रुप सी पदों की भर्ती के लिए सीईटी परीक्षा का सफल संचालन किया गया।

आज हरियाणा कर्मचारी आयोग द्वारा इस करेक्शन पोर्टल को खोल दिया गया है। यह पोर्टल 17 अक्तूबर, 2025 से लेकर 24 अक्तूबर, 2025 रात 11:59 बजे मिनट तक खुला रहेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पंचायतों को विकास कार्यों के लिए स्टैम्प ड्यूटी और बिजली की खपत पर पंचायत सेस की 1,044 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि जारी की। प्रदेश के 322 गांवों में फिरनियों के निर्माण के लिए 169 करोड़ रुपये की राशि भी दी। इसके अलावा, शहरों में भी विकास कार्यों के लिए नगर निकायों को 1,483 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि जारी की गई। कुल मिलाकर आज पंचायतों और नगर निकायों को डेवलपमेंट ग्रांट के रूप में 2,697 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि वितरित की गई।

मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के पहले चरण में 4,002 प्लॉटों का आवंटन किया गया था और आज 8,029 प्लॉटों का आवंटन किया गया है। कुल मिलकर इस योजना में अब तक 12 हजार 31 प्लॉटों का आवंटन किया गया है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के पहले चरण में 15,247 प्लॉटों का आवंटन किया गया और आज दूसरे चरण में पिंजौर शहर में 518 प्लॉटों का आवंटन किया गया। कुल मिलाकर अब तक इस योजना में 15,765 प्लॉटों का आवंटन किया जा चुका है।