उन्होंने घाटशिला टाउन हॉल में रविवार को आजसू के विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित है। सम्मेलन में प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन भी उपस्थित थे।
सुदेश ने कहा कि हेमंत सरकार ने विगत छह वर्षों में बालू–कोयला की लूट और भ्रष्टाचार को प्रश्रय दिया है, जिससे जनता ठगा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता को सवाल पूछने का भी अधिकार नहीं है, क्योंकि यहां लोकतंत्र नहीं राजतंत्र चल रहा है। इस कारण सूचना आयोग को निष्क्रिय कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में जनता वोट के माध्यम से हेमंत सरकार को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि राज्य विकास में पीछे छूट गया है। यह सामाजिक समरसता को खराब करने वाली सरकार है। सुदेश ने कहा कि एनडीए जीतेगा तो राज्य में अवैध वसूली बंद होगी।
घाटशिला की जनता रचेगी इतिहास : बाबूलाल
मौके पर एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने कहा कि आजसू की झारखंड निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। सुदेश महतो सहित अन्य आजसू नेता झारखंड आंदोलनकारी रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजसू ने संघर्ष किया और भाजपा ने अलग राज्य दिया। सोरेन ने कहा कि महागठबंधन प्रत्याशी को हराकर घाटशिला की जनता इतिहास रचेगी।
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि आजसू कार्यकर्ता गांव–गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में माहौल तैयार करें। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को झामुमो ने अपमानित किया।
सम्मेलन को केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, महासचिव हरेलाल महतो, भाजपा नेता अभय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह सहित अन्य ने भी संबोधित किया।