पायल वैद्य ने कहा कि शिमला के रिज मैदान से वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के बहाने कांग्रेस नेता फिर से झूठी घोषणाओं की पॉलिश करने में जुटे हैं। त्योहारी सीजन में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी सुधारों के ज़रिए देशभर के उपभोक्ताओं को राहत दी, तब सुक्खू सरकार और कांग्रेस आलाकमान केवल मंचों से बयानबाज़ी और फोटो सेशन में व्यस्त हैं।
पायल वैद्य ने कहा कि सुक्खू सरकार पर अब जनता का भरोसा नहीं बचा है और आलाकमान पर तो खुद कांग्रेसियों का भी विश्वास नहीं रहा। महिलाओं को 1500रूपए का झुनझुना दिखाने वाली कांग्रेस अब पंचायती राज चुनावों से भाग रही है, क्योंकि उसे पता है कि हिमाचल की पंचायतों में 50प्रतिशत आरक्षण भाजपा सरकार ने महिलाओं को दिया था और वही महिलाएं आज कांग्रेस के खिलाफ सबसे मुखर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले से मालूम है कि पंचायत चुनाव में उसका सूपड़ा साफ होना तय है, इसलिए कभी आपदा का बहाना, कभी कानून का बहाना बनाकर ये सरकार लोकतंत्र से भाग रही है।