रेवाड़ी: महापुरुषों के जीवन से मिलते हैं प्रेरणादायी विचार: लक्ष्मण सिंह यादव

दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार द्वारा संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई जा रही है। इस परंपरा के शुरू होने से सामाजिक समरसता और महान संतों की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने समाज के महापुरुषों को याद नहीं करेंगे तो हमारी सभ्यता के महत्वपूर्ण पहलू इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह जाएंगे।

इसलिए सरकार की ओर से धन्ना भगत, कबीरदास, महात्मा ज्योतिबा फुले, संत रविदास आदि महापुरुषों की याद में उनकी जयंती पर राज्य व जिलास्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विगत 50 सप्ताह से वे लगातार सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर रेवाड़ी को सुंदर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान उनका भी इन कर्मचारियों के साथ अटूट नाता बन चुका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उपायुक्त अभिषेक मीणा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि आर्यव्रत देश के आदि कवि माने जाते हैं। उनके जीवन से वर्तमान पीढ़ी को कड़ी मेहनत और शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस मौके पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने शहर के सफाई योद्धाओं को उनकी कुशल कार्यशैली के मद्देनजर सम्मानित किया।