शहर की सड़कों पर महिला शक्ति का नज़ारा, 800 महिला पुलिसकर्मी उतरीं फ्लैग मार्च में

त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए निकाले गए इस ऐतिहासिक मार्च की अगुवाई आईपीएस अंशिका वर्मा ने की। उनके नेतृत्व में महिला पुलिस का दल कोतवाली से रवाना होकर मलूकपुर, जखीरा, किला होते हुए सराय चौकी तक पहुंचा। इस दौरान कतारबद्ध महिला पुलिसकर्मी जब कदमताल करती आगे बढ़ीं तो माहौल बेहद खास बन गया।

फ्लैग मार्च में डीआईजी अजय कुमार साहनी, कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी साहनी ने कहा कि इस तरह की पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और जनता का भरोसा भी मजबूत होगा कि उनकी सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित है।

मार्च ने यह संदेश भी दिया कि कानून-व्यवस्था संभालने में महिलाएं किसी से कम नहीं और समाज को सुरक्षा का अहसास दिलाने के लिए हर मोर्चे पर तैयार हैं।