स्थानीय लोगों ने बताया कि शिबू कच्छप और उसकी पत्नी राहिल कच्छप के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। शिबू को अपनी पत्नी पर ही शक था। शुक्रवार की देर रात पति-पत्नी में इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर शिबू ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद शिबू अपनी बस्ती में ही छुपा रहा।
शनिवार की सुबह शिबू की पत्नी की मौत की सूचना बस्ती के लोगों ने पुलिस को दी। सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव बेसरा और गोंदा थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि शिबू ने ही अपनी पत्नी की हत्या की है। थोड़ी देर की खोजबीन के बाद शिबू अपनी ही बस्ती से पकड़ा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि शिबू और राहिल की शादी साल 2011 में हुई थी। कुछ दिनों से दोनों में काफी लड़ाई झगड़ा हुआ करता था।
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने इस बाबत बताया कि शिबू को अपनी पत्नी पर शक था कि उसका किसी अन्य से संबंध है। शक की वजह से ही उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के आरोपित शिबू को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
————-