तौकीर उर्फ़ गोरा हत्याकांड का आरोपित गिरफ्तार, देशी पिस्तौल बरामद

शुक्रवार को प्रेस वार्ता में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि तौकीर और अयान के बीच लंबे समय से तनातनी चली आ रही थी। सितंबर माह में तौकीर ने अयान पर चापड़ से हमला किया था, जिसे लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। उसी विवाद को निपटाने के लिए गुरुवार रात अयान और उसके साथियों ने मिलकर तौकीर की हत्या की योजना बनाई।

घटना की रात आरोपित कार से मौके पर पहुंचे और तौकीर को घेरकर अयान ने पिस्तौल से लगातार छह गोलियां दागीं। गोलियों के बाद उस पर चापड़ से भी हमला किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अयान को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि तौकीर खुद भी कई गंभीर मामलों में आरोपित था। इस साल उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और मारपीट जैसे आरोपों में तीन मामले दर्ज हुए थे। फिलहाल अयान को जेल भेज दिया गया है और घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।