लखनऊ, 11 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने बताया कि भाजपा भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती को हर्षोल्लास के साथ मनायेगी। 11 से 14 नवम्बर तक भाजपा प्रदेश में जनजातीय महापुरूषों की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलायेगी। वहीं 15 नवंबर को कमिश्नरी स्तर पर पार्टी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि बिरसा मुण्डा वनवासी समाज में जन जागरण के अग्रदूत थे। उन्होंने कहा था कि अपने धर्म, धरती व अपने देवता को पहचानो। भाजपा बिरसा मुण्डा के विचारों को लेकर जन—जन तक जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की सरकारों में राष्ट्र नायकों के योगदान को भुलाया गया। जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बने हैं, राष्ट्र नायकों के योगदान की चर्चा हो रही है। उनके योगदान को जन—जन तक पहुंचाने का काम हो रहा है। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित व सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे उपस्थित रहे।