-मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के शहीदों को दी श्रद्धांजलि,आंदोलनकारियों को किया सम्मानित
भराड़ीसैंण, 10 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 142.25 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने यहां 43.63 करोड़ की 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण और 98.62 करोड़ रुपये की 33 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों और उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी अमर बलिदानियों और राज्य आंदोलनकारियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष के मुख्य कार्यक्रम में शिरकत कर राज्य का मान बढ़ाने का कार्य किया है। राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। राज्य में तीर्थाटन विकास के लिए केदारखंड और मानसखंड में स्थित पौराणिक मंदिरों का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का भी भावपूर्ण स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण के विकास के लिए कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। सारकोट गांव को गोद लेकर ग्रामीणों और विभागों के समन्वय से गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की विकास दर में तेजी से वृद्धि हुई है और कृषकों की आय में बढ़ोतरी हो रही है। राज्य में बेरोजगारी में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। सतत विकास सूचकांक में उत्तराखण्ड को देश में प्रथम स्थान तथा मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट अवॉर्ड भी मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त भू-कानून लागू कर माफिया पर अंकुश लगाया गया है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने चौखुटिया,ज्योतिर्मठ और घनशाली को उड़ान योजना से जोड़ने की घोषणा की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। खेल, शिक्षा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी, नागरिक पुलिस/फायर सर्विस और एनसीसी महिला दस्ते ने 46वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन पर शानदार रैतिक परेड का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री एवं चमोली जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ.धन सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष बीकेटीसी ऋषि प्रसाद सती, राज्यमंत्री रामचंद्र गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र सिंह और कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।