विद्यार्थी दिखे उत्साहित
सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण प्राप्त करके पूरे जोश व उत्साह में दिखाई दिए
1500 विद्यार्थी
हिसार, 13 नवंबर । बच्चों को आत्मरक्षा का महत्व समझाने एवं उन्हें
सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण देने के लिए हांसी के गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी
स्कूल में शिविर लगाकर बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। अंतरराष्ट्रीय कोच रोहतास
कुमार ने 1500 बच्चों को प्रशिक्षण दिया और रोजमर्रा की वस्तुओं का इस्तेमाल करके अपनी
रक्षा करने एवं असामाजिक तत्वों का मुकाबला करने की तकनीक सिखाई। इस अवसर पर प्राचार्य
राजेश भड़ाना, उप प्राचार्य संदीप पूनिया, हसला प्रधान सुखबीर बेरवाल, गणित शिक्षक
कपिल सोनी, वोकेशनल शिक्षक संदीप कुमार, डीपीई राकेश कुमार व शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता
अनूप कुमार सहित काफी संख्या में शिक्षक व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान कोच रोहतास कुमार ने गुरुवार काे बच्चों को सेल्फ डिफेंस के लिए हाथ,
पांव, कोहनी व सिर का इस्तेमाल करना सिखाया। उन्होंने कहा कि किसी असामाजिक या शरारती
तत्व द्वारा परेशान किए जाने पर घबराने की अपेक्षा अपने आप को संयमित करते हुए उसका
मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले
विद्यार्थी बड़ी सरलता से ऐसी विषम परिस्थितियों का सामना कर सकते हैं।
इस अवसर पर प्राचार्य राजेश भड़ाना ने कहा कि सेल्फ डिफेंस तकनीक सीखकर विद्यार्थियों
का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सेल्फ डिफेंस तकनीक का इस्तेमाल अपनी रक्षा
में कारगर सिद्ध हो सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को इसे खेल की तरह लेना
चाहिए और गंभीरता से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा अर्जन का केंद्र
नहीं है बल्कि यह विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान नौवीं कक्षा की खुशी, प्रियंका व तुलसी ने उत्साहित
होकर कहा कि उन्हें सेल्फ डिफेंस तकनीक सीखकर अलग ही एहसास हो रहा है। इससे पहले उन्हें
पता नहीं था कि इतनी सरलता से किसी का मुकाबला किया जा सकता है। इसी भांति बारहवीं
कक्षा की छात्रा सिमरन व गिरिशा ने कहा कि यह प्रशिक्षण प्राप्त करके उनमें नई ऊर्जा
का संचार हुआ है और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी हुई है। अब वे विकट परिस्थितियों का सामना
पूरी हिम्मत से कर पाएंगी।