बैठक में पार्षदों ने अपने वार्डों के मुद्दे उठाए, साथ ही भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं का तय समय पर निस्तारण नहीं होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पार्षद दीपक प्रजापत ने पेपर दिखाते हुए भूखंड का गलत 90ए करने का आरोप लगाते हुए आरोप लगाया कि वार्डों में कोई निर्माण कार्य नहीं हो रहे। जबकि कई रोड बिना टूटे ही बना दिए गए। कई पार्षदों ने रोड लाईट व गंदगी को लेकर नगर परिषद बोर्ड के कार्यकाल को दयनीय बताया। साथ ही आरोप लगाए कि इतना भ्रष्टाचार कभी नहीं हुआ, जितना इस बोर्ड कार्यकाल में हुआ। इसे लेकर भाजपा पार्षदों ने विरोध किया और कहा कि बोर्ड में अभी और पहले भी कांग्रेस से सभापति रहे हैं। सभापति कल्पना जैमन ने शिकायतों के निस्तारण का भरोसा दिलाते हुए हंगामा कर रहे पार्षदों का शांत कराया। बैठक में प्रत्येक वार्ड में 15 लाख रुपए के विकास कार्य करवाने का प्रस्ताव पारित किया गया। आयुक्त कमलेश मीना ने कहा कि बजट नहीं होने के कारण प्रस्ताव को सरकार के पास भेजा जाएगा। रोड लाईट को लेकर आयुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा केन्द्रीय एजेंसी से खरीदी गई है। आयुक्त ने भी भरोसा दिया सभी वार्डों में बजट के अनुरूप काम होंगे।