झज्जर, 30 नवंबर । जिले के गांव कबलाना में रविवार को बाबा पालनाथ आश्रम में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हेलिकॉप्टर से यहां पहुंचे योगी आदित्यनाथ को देखने के लिए हर कोई आतुर था। विशाल जनसैलाब को देखकर योगी आदित्यनाथ भी अभिभूत नजर आए। इस धार्मिक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भंडारे में इतना बड़ा जमावड़ा उन्होंने पहली बार देखा है। आज झज्जर आकर प्रयागराज के महाकुंभ की याद आ गई।
नाथ संप्रदाय के आठमान भंडारे में देशभर से हजारों साधु-संत और उससे कई गुना अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा में नाथ संप्रदाय का अपना महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भारत में आदिनाथ भगवान शिव की उपासना एक निराकार ब्रह्म के रूप में की जाती है और यही भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की मूल शक्ति है। जिन संत पालनाथ महाराज की मूर्ति यहां स्थापित हुई है, उनसे योगी आदित्यनाथ ने मंच से ही कबलाना गांव में सदैव शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।
योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह के निर्देशन में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए थे। आसपास के कई किलोमीटर क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। गांव काबलाना से झज्जर की ओर व बहादुरगढ़ की ओर के लिए यातायात को डायवर्ट किया गया था। कई जगह नाकाबंदी की गई थी।
सभा में इलाके के प्रमुख लोगों ने भगवा वस्त्र भेंट करके योगी आदित्यनाथ को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा मस्तनाथ पीठ रोहतक के महंत व विधायक बाबा बालकनाथ ने की। नरहरिनाथ, महंत चेताईनाथ, महंत राजनाथ, लहरनाथ, पूर्णनाथ, शेरनाथ, जटाईनाथ, कृष्णनाथ, समुद्रनाथ, विधायक सुनील सांगवान और उमेद पातुवास आदि मौजूद रहे।