रन फॉर झारखंड में उमड़ा उत्साह, युवाओं ने लगाई एकता की दौड़*

झारखंड स्थापना दिवस सप्ताह के अवसर पर मंगलवार को “रन फॉर झारखंड – हमारी एकता की दौड़” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला समाहरणालय परिसर से बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम तक हुई इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त चंदन कुमार, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा एवं अन्य पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने पर यह दौड़ हमारी एकता और उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर है और प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

दौड़ में विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान सन्नी ईचागुटू, द्वितीय लालु कालुंडिया, तृतीय गणेश कालुंडिया, चतुर्थ चिरंजीत पुरर्ती और पंचम स्थान नारायण बिरूवा ने प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में प्रथम स्थान बमाई तिरिया, द्वितीय सलीमा विरूली, तृतीय दिग्गी पाड़ेया, चतुर्थ सुनिता तिरिया और पंचम स्थान सबित्री गुईया ने हासिल किया।

विजेताओं को क्रमशः 3500, 2500, 1000, 500 और 500 रुपये की नगद राशि एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, उप निर्वाचन पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।