गहलोत की सीएम को नसीहत, बोले- सुशासन दो, अधिकार से राज करो

गहलोत ने कहा कि पंडित भजनलाल पहली बार विधायक बने और सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं, ऐसे में उन्हें पूरे आत्मविश्वास और अधिकार के साथ शासन चलाना चाहिए।

जयपुर स्थित अपने आवास पर शनिवार काे मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने मुस्कुराते हुए कहा कि हमारे सीएम भजनलाल पंडित हैं। वे कल की चिंता करते रहते हैं। मैंने उनसे कहा कि आप कल की चिंता छोड़ो, जमकर राज करो। अगर आप ऑथोरिटी से शासन करोगे, तो राजस्थान का भला होगा। सुशासन दोगे, गुड गवर्नेंस दोगे तो जनता का भला होगा ही। गहलोत ने स्लीपर बस संचालकों की हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार को संवाद की पहल करनी चाहिए।

सरकार को बुलाकर बात करनी चाहिए। हमारे समय में भी ऐसी दिक्कतें आई थीं, लेकिन बातचीत से हल निकाल लिया था। आज भी वही तरीका अपनाना चाहिए। समस्या यह है कि जिम्मेदारी निभाए कौन? लोग इतने दुखी कभी नहीं हुए जितने पंडित भजनलाल के शासन में हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने वर्तमान सरकार की कानून व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रेप, डकैती, हत्या अब आम बात हो गई है। चारों ओर हाहाकार मचा है। लोग कहते हैं कि हमारी सुनवाई नहीं हो रही, शिकायत करें तो किससे करें? मैंने अपने जीवन में जनता को इतना दुखी कभी नहीं देखा, जितनी आज है। गहलोत ने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में धनबल और तोड़फोड़ से राजनीति हो रही है। अगर एनडीए इसी तरह के तरीके अपनाता रहा, तो देश में लोकतंत्र सिर्फ नाम का रह जाएगा। लोकसभा में मोदी का जादू नहीं चला, लेकिन विधानसभा में एकतरफा जीत गए, यह कैसे संभव है? सोचिए, वहां क्या हुआ होगा।

गहलोत ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग को हर शिकायत की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए, चाहे वह झूठी हो या सच्ची।

आज तो उल्टा हो रहा है। शिकायत करने वाले से ही सवाल किए जा रहे हैं, उसे बुरा-भला कहा जा रहा है। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।