चंडीगढ़, 13 नवंबर । हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट चोरी करके जनादेश की आवाज को दबाकर गद्दी चोरी की है। प्रदेश कांग्रेस, भाजपा की वोट चोरी की सच्चाई हर गांव, हर बूथ, हर घर और आमजन तक पहुंचाएगी, क्योंकि लोकतंत्र कभी बिक नहीं सकता है, जनता झुक नहीं सकती है और कांग्रेस कभी रूक नहीं सकती है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह गुरुवार को अंबाला में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुटता के साथ वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ने का आह्वान किया और कहा कि अंबाला वह पवित्र धरती है, जहां पर 1857 में आजादी की पहली चिंगारी निकली थी। यह, वही अंबाला है, जहां पर सिपाहियों ने कहा था कि अब उन्हें गुलामी नहीं आजादी चाहिए।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव के बाद वर्ष 2024 में आए एग्जिट पोल में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही थी। एग्जिट पोल में कांग्रेस की 60 से 62 सीटें दिखाई गई, यही नहीं पोस्टल बेल्ट के नतीजे भी कांग्रेस के पक्ष में थे। पोस्टल बेल्ट में कांग्रेस की 77 सीटें थी। राव नरेंद्र सिंह ने अंबाला जिले में फर्जी वोटरों का आंकड़ा साझा करते हुए बताया कि 77 हजार 472 फर्जी वोट डाले गए। इनमें नारायणगढ़ में 17 हजार 300, अंबाला में 11 हजार 975, अंबाला शहर में 16 हजार 750, मुलाना में 28 हजार 447 फर्जी वोट हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की जड़ों को खोखला कर रही है। मतदाता सूची में हेराफेरी, फर्जी नाम जोडऩा और असली मतदाताओं को बाहर करना लोकतंत्र के लिए घातक है। जनता अब सब देख रही है, कांग्रेस इस लोकतांत्रिक संघर्ष में जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। चुनाव आयोग ने वोटिंग में भी हेराफेरी, पहले दिन 61 प्रतिशत मतदान दिखाया गया, लेकिन रातों रात वोट बढ़ाकर 67 प्रतिशत बढ़ा दी गई। मगर मतदान बंद होने के बाद सात प्रतिशत वोट बढ़ाई गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी हरियाणा कांग्रेस प्रफुल्ल गुड़धे, रामकिशन गुज्जर, कार्यकारी अध्यक्ष, अंबाला सांसद वरुण चौधरी, विधायक निर्मल सिंह, पूजा चौधरी और शैली चौधरी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, अनुशासन समिति सदस्य सचिव रोहित जैन, प्रदेश मीडिया इंचार्ज संजीव भारद्वाज समेत कई नेता मौजूद थे।