– प्रदेशवासियों की मांग पर साफ्टवेयर में किए कई बदलाव
चंडीगढ़, 08 नवंबर । हरियाणा में ऑनलाइन रजिस्ट्री बंद होने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए प्रदेश सरकार ने साफ किया है कि ऑनलाइन रजिस्ट्री लगातार जारी है और यह कार्य बंद नहीं होगा। सोमवार को लोग सामान्य की भांति तहसील में जाकर अपनी रजिस्ट्री करवा सकते हैं।
हरियाणा की वित्तायुक्त सुमिता मिश्रा ने शनिवार को ऑनलाइन रजिस्ट्री का रिव्यू करने के बाद जारी जानकारी में बताया कि साफ्टवेयर में कई तरह के सुधार कर दिए गए हैं। पोर्टल पर अपलोड किए जाने वाले दस्तावेजों की सीमा 10 एमबी से बढ़ाकर 40 एमबी कर दी गई है। विभाग के नए सिस्टम में जनरल पॉवर ऑफ अटार्नी का विकल्प पहले से मौजूद है। जिसे अब सरल कर दिया गया है। सोमवार से सभी तहसीलों में नागरिक इस संबंध में अपांइटमेंट ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि एमसी सीमा में एनओसी की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार हाउसिंग बोर्ड व एचएसवीपी में खेवट और खतौनी की जरूरी नहीं होती।
सुमिता मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में सभी लाइसेंस कॉलोनियों का डाटा सिस्टम में फीड किया गया है। केवल लाइसेंस नंबर दर्ज करने पर ही डाटा अपने आप सामने आ जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन में बड़ा बदलाव करते हुए पुराने शहरी क्षेत्रों से खेवट-खसरा कॉलम हटा दिया गया है। नए बदलाव के साथ प्रदेश वासी सोमवार से अपनी अपॉइंटमेंट बुक करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 12 नवंबर से रिवर्ट विद ऑब्जेक्शन फीचर को लाइव किया जा रहा है, जिसमें दस्तावेज संलग्न करने में कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। वित्तायुक्त ने बताया कि अब नाम में थोड़े अंतर के कारण आवेदन को नहीं रोका जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 2778 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 927 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। 495 आवेदनों की अपाइंटमेंट तय हो चुकी है। 327 आवेदनों को रिजेक्ट कर दिया गया है। शेष आवेदनों का वेरिफिकेशन चल रहा है।