सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान आरंभ होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों पर उमड़ पड़ी। जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए थे। घाटों पर आईएएस और आरएएस अधिकारियों को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस के जवान लगातार निगरानी में जुटे रहे। पुष्कर सरोवर के सावित्री घाट पर कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत ने प्रदेश में शांति और खुशहाली की कामना के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम से जुड़े। मंत्री ने कहा कि पुष्कर वासियों ने अतिथि देवो भव की परंपरा निभाते हुए मेले को सफल बनाया। मेले के समापन पर पर्यटन विभाग की ओर से कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पहली बार पुष्कर में हॉर्स शो और कैमल पोलो गेम का आयोजन हुआ। हॉर्स शो की शुरुआत केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत ने की। कैमल पोलो मैच में आईपीएस अजय सिंह और एएसपी दीपक शर्मा ने भी हिस्सा लिया, जिसमें एएसपी दीपक शर्मा ने गोल किया। मेला ग्राउंड में राजस्थानी लोक संस्कृति की झलक दिखी। 150 से अधिक छात्राओं ने राजस्थानी गीतों पर घूमर नृत्य किया, वहीं महिलाओं ने “धरती धोरा री” गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। कैमल शो में बीकानेर बियर्ड ग्रुप ने तलवार और लठ के साथ ऊंटों पर शानदार प्रदर्शन किया। शाम को ब्रह्म सरोवर पर महाआरती के दौरान सवा लाख दीपों से सरोवर जगमगा उठा। आकाश में आतिशबाजी से रंग-बिरंगी छटा बिखर गई। श्रद्धालुओं ने इस दृश्य को कैमरे में कैद किया।