इस दौरान स्थानीय विधायक राज करण खत्री तथा क्षेत्रीय निगम पार्षद जनता देवी भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्र में स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों पर एमसीडी प्रशासन को सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के सभी मंत्री और विधायक लगातार मैदान में उतरकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का निवारण सुनिश्चित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज बख्तावरपुर वार्ड में निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं का आकलन किया गया, ताकि जल्द से जल्द उन्हें दूर किया जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक है कि क्षेत्र में चल रही अनधिकृत फैक्टरियों/औद्योगिक इकाइयों को तुरंत सील किया जाए। इसके अलावा पर्यावरण के तय मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा।
एमसीडी को निर्देश दिया कि अनधिकृत कॉलोनियों में भी स्वच्छता कार्य नियमित हों। अनधिकृत कॉलोनियों में भी कूड़ा उठाने, सफाई और डोर-टू-डोर कलेक्शन नियमित किया जाए। कहीं भी कूड़े का ढेर न लगे, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को क्षेत्र में खराब सड़कों और गड्ढों को तुरंत भरने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि जो भी ठेकेदार काम में लापरवाही कर रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई हो। साथ ही ग्रामोदय योजना के सभी अधूरे कार्य जल्द पूरे करें।
रविंद्र इंद्राज ने स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया कि निरीक्षण के दौरान पाई गई सभी कमियों को संबंधित विभागों के सहयोग से जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली के हर गांव और हर वार्ड में मूलभूत सुविधाएं समय पर और गुणवत्तापूर्ण रूप से उपलब्ध हों। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी सहयोग करें, क्योंकि सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में प्रयास सफल होंगे।