पलवल: एसपी ने किया हसनपुर थाने पर औचक निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को पढ़ाया अनुशासन का पाठ

एसपी वरुण सिंगला ने कहा कि अनुसंधान कार्यों में तेजी लाई जाए और दर्ज अभियोग तथा शिकायतों का निपटान निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मोहर्र मालखाना में लंबित मामलों और जब्त वाहनों के निपटारे में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए ताकि न्यायिक प्रक्रिया में देरी न हो।

एसपी ने थाना कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों से हमेशा मैत्रीपूर्ण और सौम्य व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना भी है। नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाए।

वरुण सिंगला ने पुलिस अधिकारियों को सतर्कता और नियमित गश्त पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने नाका टीमों को पूरी तरह चौकसी और सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों की गहनता से जांच की जाए। एसपी ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, जिनमें मुख्यतः ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म और बुलेट पटाखा मोटरसाइकिल चलाने वाले शामिल हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।