यूपी के हमीरपुर में परशुराम सेना ने आईएएस वर्मा का पुतला फूंका

अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा परशुराम सेना संगठन ने मध्य प्रदेश के आईएएस संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कड़ा रुख अपनाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन हमीरपुर के जिलाधिकारी को सौंपा है। ज्ञापन में संगठन के जिला अध्यक्ष गगन मिश्रा ने कहा कि एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी द्वारा बेटियों पर असंवेदनशील और अपमानजनक टिप्पणी करना न केवल महिलाओं की गरिमा का उल्लंघन है, बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला भी है। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता प्रशासनिक मर्यादा के विपरीत है। यह अधिकारी की सोच और कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। परशुराम सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की बेटियों के सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने मांग की कि संतोष वर्मा को तत्काल पद से हटाकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।