रोहनिया स्थित भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र कार्यालय पर एक टोली नियमित विभिन्न जिलों से गणना प्रपत्र भरवाने की सक्रियता को लेकर मॉनिटरिंग कर रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं की टोली में शामिल पदाधिकारी अपना पूरा समय देकर फॉर्म भरवाने पर जोर दे रहे हैं।
वाराणसी महानगर में पार्षद, पूर्व पार्षद, महानगर पदाधिकारियों की एसआईआर फॉर्म को ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं से भरवाने को लेकर सक्रियता अभी बढ़नी शुरू हुई है। बीते दिनों शहर की तीनों विधानसभाओं में पार्टी पदाधिकारियों ने बैठकें तो की है लेकिन सक्रियता जमीन पर कुछ खास उतरती नहीं दिखती है। शहर दक्षिणी के कार्यकर्ता अनूप ने बताया कि उनके मकान पर बीएलओ ने फॉर्म भरने को पहुंचाया है। फॉर्म को आधा भरने के बाद आगे का फॉर्म भरने में कठिनाई आ रही है। उनके क्षेत्र के पार्षद की ओर से कैंप लगाने की बात कही गई है लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं है। शहर उत्तरी के मतदाता घनश्याम ने कहा कि भाजपा के पूर्व पार्षद ने फार्म भरवाने में मदद के लिए कहा तो है, लेकिन दो तीन दिन बाद भी उनकी कोई खोज खबर नहीं है। उन्होंने फॉर्म का कुछ हिस्सा भर दिया है, कुछ बाकी है।
अजगरा विधानसभा में समाजवादी पार्टी के एसआईआर फॉर्म भरवाने को लेकर लगाए गए कैम्प में पहुंची महिला आशा देवी ने बताया कि झंडा देखकर नहीं, काम देखकर वह वोट करती है। उनको फॉर्म भरने में दिक्कत हो रही थी और इस कैम्प में आने पर उनका फॉर्म भर गया है। उनके परिवार के लोगों का भी फॉर्म भर चुका है। इससे उनका समय भी बचा है और निश्चिंतता के साथ पूरा विवरण भर गया।