गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम जिले की बहारागोड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक गांजा तस्कर को 20.50 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को बहारागोड़ा बस स्टैंड के पास से उस वक्त पकड़ा, जब वह गांजा लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था।

रविवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर बहारागोड़ा की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही घाटशिला के एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपित को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दिपेन्दर सोमानी (52 ) के रूप में की गई है।

वह पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से 20.50 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह खड़गपुर के एक व्यक्ति सुल्तान से गांजा खरीदकर झारखंड के बहारागोड़ा क्षेत्र में सप्लाई करने आया था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।