बलरामपुर : गिनती न बोल पाने पर शिक्षक की बर्बरता, दूसरी कक्षा के बालक की आंख से आया खून

यह दर्दनाक वाकया शुक्रवार की दोपहर भोजन अवकाश के बाद का है। कक्षा में लौटे शिक्षक ने बच्चे से गिनती सुनाने के लिए कहा। छोटा सा त्रुटि होते ही शिक्षक बिफर पड़े और लगातार उसके गालों पर थप्पड़ मारते रहे। बच्चे ने डर के मारे सिर झुका लिया तो शिक्षक और अधिक आक्रामक हो गए और पिटाई जारी रखी।

पीड़ित के पिता धनंजय यादव का आरोप है कि घटना के वक्त शिक्षक शराब के नशे में थे और अक्सर नशे की हालत में ही स्कूल पहुंचते हैं। घर लौटकर जब भागीरथी ने रोते-बिलखते पूरी घटना बताई, तब परिजन तुरंत त्रिकुंडा थाना पहुंचे और आरोपित शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी हलचल मच गई है। जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने आज शनिवार को बताया कि, संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाने हेतु विकासखंड शिक्षा अधिकारी को थाने भेज दिया गया है और निलंबन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

उधर, त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने पुष्टि की कि, शिकायत मिल चुकी है और मामले में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के पश्चात ग्रामवासियों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने आरोपित शिक्षक की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की है। पुलिस और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुट गए हैं।