देव दीपावली पर पूरा गंगाघाट क्षेत्र पूर्णतः नो-फ्लाई जोन घोषित, फ्लोटिंग डिवाइडर्स लगेंगे

–देर शाम जिलाधिकारी और अन्य अफसरों के साथ समन्वय बैठक

वाराणसी, 03 नवम्बर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में देव दीपावली पर्व (पॉच नवम्बर की शाम) पर उमड़ने वाली लाखों की भीड़ की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने सोमवार शाम समन्वय बैठक की।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने अफसरों के साथ बैठक कर सुरक्षा का खाका खींचा। पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने देव दीपावली पर्व के दौरान वीआईपी अतिथियों के आगमन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, नौका संचालन, सुगम यातायात तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संदर्भ में अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

समन्वय बैठक में बिजली विभाग, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पर्यटन तथा सूचना विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर देव दीपावली आयोजन के दौरान निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत सभी प्रमुख घाटों पर विधिवत बैरिकेडिंग की व्यवस्था के लिए निर्देश दिया गया। प्रवेश एवं निकास मार्ग स्पष्ट रूप से चिन्हित कर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। पर्व पर गंगा घाट क्षेत्र को पूर्णतः नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है । सुरक्षा कारणों से सभी प्रकार के ड्रोन एवं अन्य उड़ने वाले यंत्रों के संचालन पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। नौका संचालकों के साथ बैठक कर निर्धारित सवारी सीमा, लाइफ जैकेट के अनिवार्य प्रयोग एवं अनुभवी नाविकों द्वारा संचालन सहित सभी सुरक्षा निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गंगा नदी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए फ्लोटिंग डिवाइडर्स लगाये गये हैं, जिसके माध्यम से आने और जाने के मार्ग को अलग किया गया है, इसके शत-प्रतिशत अनुपालन हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं गोताखोर दलों की तैनाती घाटों व जल क्षेत्र में रहने के लिए निर्देशित किया गया। प्रत्येक घाट पर सुरक्षा की दृष्टि से डीएफएमडी (मेटल डिटेक्टर) की व्यवस्था रहेगी। निगरानी के दृष्टिगत वॉच टावर स्थापित कर पी.ए सिस्टम सहित पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा भीड़ वाले स्थानों पर क्यूआरटी की ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए गए । सुगम यातायात व्यवस्था के लिए सीमावर्ती जनपद के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर बैठक आयोजित करने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत ई-रिक्शा एवं ऑटो को निर्धारित रूट पर चलने के लिए चालकों के संग बैठक, अतिक्रमण व बिना परमिट वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही किए जाने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। देव दीपावली पर्व के दौरान अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ रखते हुए सभी घाटों एवं प्रमुख स्थलों पर फायर टेंडर, मोटर बोट व फायर टीम की तैनाती करने को कहा गया। अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता पूर्व परीक्षण कर अलर्ट मोड में रखने के लिए निर्देशित किया गया।