पौड़ी शरदोत्सव में नाटक झमेला की दी दमदार प्रस्तुति

सीनियर वर्ग की आठ टीमों में जागर विधा के लोकनृत्य के अंतर्गत मैसमोर इंटर कॉलेज ने आंछरी जागर सोला नाम संन्यासी डांडियों की मारू से सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत की। विद्या मंदिर क्योंकालेश्वर ने जागर ऊंचा डांडा बाटा, डी ए वी इंटर कॉलेज ने नौ बैनी आंछरी, गुरु राम राय ने जागर रीमिक्स कन नाचण लेगे, तेरी पिंगली पीछौड़ी, स्यू पाकी बल जौ आदि की बेहतरीन प्रस्तुति दी जबकि भगतराम पब्लिक ने राम जी का बाण ब्वादन भेद हमारो, विद्या मंदिर तिमली जाग जाग पंच नाम द्व्यबता, केंद्रीय विद्यालय कंडोलिया देवता जागर और हिल्स इंटरनेशनल ने कुमाऊनी समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। निर्णायक मंडल में नागेंद्र नेगी, हिमानी जोशी और संध्या नेगी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस दौरान केंद्रीय विश्व विद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के लोकभाषा एवं लोक संस्कृति निष्पादन केंद्र के कलाकारों ने साहित्यकार ललित मोहन थपलियाल द्वारा लिखित और महेंद्र सिंह पंवार द्वारा निर्देशित नाटक झमेला की दमदार प्रस्तुति और डायलॉग डिलिवरी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कड़कती ठंड के बीच कलाकारों का अभिनय और नाटक की विषय वस्तु दर्शकों पर अमिट छाप छोड़ गई। दद्दा की भूमिका में आशुतोष, अभिषेक की भूमिका में आनंद कुमार और मुंशी की भूमिका में अर्जुन राणा ने दर्शकों को खासा आकर्षित किया। जबकि कृष्णकांत की भूमिका में अंकित भट्ट, रागिनी की भूमिका में अनुष्का जुयाल, रीटा की भूमिका में प्राची कंडवाल तथा बिल्लू की भूमिका में नितिन ने अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया। नाटक में प्रकाश व्यवस्था अरविंद टम्टा, संगीत संचालन राहुल चौधरी, रूप सज्जा सेट गौरव नेगी का रहा। टीम प्रभारी, निदेशक गणेश खुगशाल और उप निदेशक डा संजय पांडे थे।

इससे पूर्व सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि भातखंडे संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य और लोक गायक अनिल बिष्ट ने अपने संबोधन में सांस्कृतिक आयोजन को शहर के लिए महत्वपूर्ण बताया उन्होंने कहा कि पौड़ी साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है इसीलिए इसकी यश पहचान कायम रहनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक आर एस नेगी ने पालिका परिषद की प्रशंसा करते हुए कहा कि पौड़ी में सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखने के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां होती रहनी चाहिए।

उन्होंने आयोजन में प्रतिभाग कर रहे छात्र छात्राओं की सराहना करते हुए सभी शिक्षकों और प्रधानाचार्य का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, रामलीला समिति के सचिव राम सिंह रावत आदि शामिल थे।