निरीक्षक यातायात अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में लाकड़ी चौराहे पर नगर निगम की मदद से अतिक्रमण हटवाया गया। वहीं, थाना कांठ क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर-ट्रॉली और गन्ने से लदे ट्रकों पर आगे-पीछे रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाए गए। थाना कांठ पुलिस ने महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। थाना मैनाठेर पुलिस ने राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल में छात्रों को जागरूक किया।
उपनिरीक्षक यातायात गुलवीर सिंह ने सेंट मीरा एकेडमी बुद्ध पार्क में प्रधानाचार्य प्रियंका अग्रवाल व शिक्षकों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और पंपलेट वितरित किए। शहर के विभिन्न चौराहों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पंपलेट वितरित कर लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों से अवगत कराया गया। यातायात पुलिस ने ऑटो व रिक्शा चालकों को नियमों की जानकारी दी।
उधर, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने दिन भर में कुल 826 चालान किए और 1.79 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला।