अंबिकापुर : मुलाकात के बहाने बुलाकर युवक ने की हैवानियत, विरोध करने पर प्रेमिका को पुल से नीचे फेंका

जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय इंदल सिंह गोंड़ ने 30 अक्टूबर की दोपहर अपनी प्रेमिका को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। युवती उस पर भरोसा कर मिलने चली गई। इंदल ने उसे बाइक पर बैठाकर इलाके में घुमाया और शाम होते ही सुनसान जगह पर रोक लिया। वहां उसने युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला।

युवती ने जब मना किया तो आरोपित ने उसके साथ मारपीट की और धमकाया। डर के माहौल में उसने उसके साथ जबरदस्ती की। वारदात के बाद आरोपित ने युवती को गोद में उठाकर पास की पुलिया से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

पुल से नीचे गिरने के बाद युवती घायल होकर बेहोश हो गई। जब उसे होश आया, तो उसने फोन कर परिजनों को बुलाया। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। सीतापुर थाना प्रभारी सी.आर. चंद्रा ने बताया कि आरोपित इंदल सिंह गोंड़ को आज शनिवार काे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ रेप, मारपीट और हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। जांच जारी है।