जींद में सरकारी कर्मचारी की मौत,परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका

जींद, 28 दिसंबर । जुलाना खंड के हथवाला गांव निवासी 20 वर्षीय युवक विनोद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को मृतक की बहन ज्योति ने पुलिस को दी शिकायत में अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक विनोद की बहन ज्योति ने रविवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सरकारी कर्मचारी है और उसके परिवार में तीन बहनें व एक भाई थे। पिता का देहांत हो चुका है। जबकि मां गृहिणी हैं। विनोद परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। 26 दिसंबर की रात विनोद के पास एक फोन आया। जिसमें उसके दोस्त ने गांव झमोला में किसी की मौत होने की बात कही और शोक व्यक्त करने चलने को कहा। इसके बाद विनोद घर से निकल गया। परिजनों के अनुसार उसी रात विनोद अपने दोस्त साहिल उर्फ इल्लू के साथ कुछ देर के लिए घर लौटा और फिर वापस चला गया।

पूरी रात विनोद घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और फोन भी किए लेकिन संपर्क नही हो सका। अगले दिन 27 दिसंबर को ज्योति और उसकी बहन विनोद की तलाश में साहिल उर्फ इल्लू के घर पहुंचे और वहां साहिल व उसकी पत्नी से विनोद के बारे में पूछताछ की गई लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नही मिला। इसके बाद परिजन साहिल के मकान में बने कमरे में पहुंचे तो वहां विनोद बेड पर बेसुध हालत में पड़ा मिला। जब परिजनों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

रविवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल में भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विनोद को साजिश के तहत साहिल उर्फ इल्लू और उसकी पत्नी ने मारपीट कर हत्या की है। परिजनों का यह भी कहना है कि यदि वे समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो शव को ठिकाने लगाया जा सकता था।

जुलाना थाना के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जींद के सामान्य अस्पताल में भिजवाया है। पुलिस मामले की जांंच में जुटी हुई है। मृतक के शरीर पर कोई निशान नही मिला। विनोद की मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद ही पता चल पाएगा।