सिरसा: तीन हेरोइन तस्कर गिरफ्तार, दस हजार की ड्रग मनी बरामद

सिरसा, 28 दिसंबर । स्थानीय पुलिस ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत कार्रवाई करते हुए 50 लाख से अधिक की हेरोइन तस्करी मामले में मुख्य तस्कर को सिरसा जिले के गांव शेरगढ़ से गिरफ्तार किया है। सीआईए डबवाली प्रभारी रणजोत सिंह ने रविवार को बताया कि तस्कर की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी लालूआना कोटलालू मानसा, पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दस हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लाल गोदाम रोड इंदिरा नगर मंडी डबवाली क्षेत्र से कार सवार तीन आरोपियों गुरप्रीत सिंह व गुरविंद्र सिंह व राजबीर सिंह निवासी माईसर खाना जिला बठिंडा, पंजाब को बीते दिवस गिरफ्तार कर उनके कब्जे 50 लाख रुपये की 256 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नशा तस्करी गिरोह का मुख्य सरकना गुरप्रीत सिंह है। पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर आरोपी को गांव शेरगढ़, पंजाब क्षेत्र से दस हजार रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार कर लिया है।

इसके अलावा सीआईए डबवाली पुलिस ने कार सवार दो तस्करों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए डबवाली प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान कोर्ट के पीछे प्याज मंडी डबवाली में पहुंची तो दो युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर लिया और तलाशी ली तो उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान करण व आर्यन निवासी डबवाली, जिला सिरसा के रूप में हुई है।