पूरी घटनाक्रम के बारे में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट में शामिल आरोपी चिनगाही मोड़ स्थित इंटरलॉकिंग पुल के पास माल का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश आकाश विश्वकर्मा घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंकित विश्वकर्मा और शिवेन्द्र प्रताप सिंह गिरफ्तार कर लिए गए। इनके कब्जे से 07 चाभियों का गुच्छा, 01 तमंचा, कारतूस, लूटा हुआ मोबाइल और 01 पायल बरामद हुई। मौके से मिली मोटरसाइकिल के कागज भी आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में आकाश ने बताया कि उसने अपने रिश्तेदार साहबदीन विश्वकर्मा की मदद से सोनार की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने साहबदीन को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक पायल बरामद की। पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों ने मिलकर सोनार से मोबाइल, पायल, बिछिया और चाभियों का गुच्छा लूटा था। घटना में प्रयुक्त तमंचा, 315 बोर के कारतूस और बाइक भी कब्जे में ले ली गई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सभी के खिलाफ मोहनगंज थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।