जींद : पांडू पिंडारा में हरियाणा की पहली एआई आधारित आंगनवाड़ी का शुभारंभ

एडीसी विवेक आर्य ने बताया कि आंगनवाड़ी में वीआर सेट उपलब्ध करवाए गए हैं। ये सेट बच्चों के संज्ञानात्मक (कॉग्निटिव) विकास में बहुत सहायक होंगे। इन डिवाइस का सही उपयोग बच्चों की सीखने की क्षमता को बढ़ाएगा। इससे आंगनवाड़ी के बच्चों का विकास प्राइवेट स्कूलों के बच्चों से भी बेहतर हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन डिवाइस के माध्यम से बच्चों को हर भाषा में सिखाया जा सकता है। खेल-खेल में बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव होगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा एआई तकनीक के माध्यम से बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई की प्रगति और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज किया जाएगा। इससे बच्चों की जरूरतों को समय पर समझा जा सकेगा और जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे। एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि इस नई व्यवस्था से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का काम भी आसान होगा।

बच्चों का रिकार्ड रखना, सामान की जानकारी, रोजाना की रिपोर्ट और बच्चों की पढ़ाई व स्वास्थ्य से जुड़ा डाटा अब डिजिटल तरीके से आसानी से संभाला जा सकेगा। इससे कागजी काम कम होगा और कार्यकर्ता बच्चों पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगी। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री, सीडीपीओ सुमन, पंचायती राज विभाग के एसडीओ भूपेंद्र सिंह, प्लानिंग ऑफिसर मुकेश, मनरेगा पीओ राकेश, सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप व अन्य आंगनवाड़ी वर्कर और छात्र मौजूद रहे।