बाबा आम्रेश्वर धाम में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई श्री रामलला प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ

बाबा आम्रेश्वर धाम में श्री रामलला प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। सुबह बाबा आम्रेश्वर धाम के सभी पुजारियों द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया गया। पूजन के पश्चात श्रीरामचरितमानस का पाठ किया गया, वहीं इसके उपरांत सुंदरकांड का सामूहिक पाठ हुआ। कार्यक्रम के क्रम में हवन संपन्न कराया गया, जिसके बाद भोग अर्पित कर आरती की गई। आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। संध्या काल में श्री रामजानकी मंदिर को आकर्षक ढंग से दीपकों से सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। दीपों की रोशनी में बाबा आम्रेश्वर धाम की छटा देखते ही बन रही थी। इस पावन अवसर पर समिति के संतोष पोद्दार, महेंद्र प्रसाद भगत, मिथलेश ठाकुर, नरेंद्र दास अधिकारी, नीरज जायसवाल, रोबिन भगत, अजित रॉय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के सदस्यों एवं भक्तों का सराहनीय योगदान रहा।