दिल्ली विस्फोट: शोएब और नसीर बिलाल की एनआईए हिरासत चार दिन और बढ़ी

कोर्ट ने 5 दिसंबर को शोएब को आज तक की एनआईए हिरासत में भेजा था। कोर्ट ने 9 दिसंबर को डॉ. नसीर को आज तक की एनआईए हिरासत में भेजा था। शोएब फरीदाबाद का रहने वाला है। उस पर आरोप है कि उसने विस्फोट कराने वाले आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी को पनाह दी थी। नसीर जम्मू-कश्मीर के बारामूला का रहने वाला है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अभी तक इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित फिलहाल हिरासत में हैं। एनआईए सभी आरोपितों से पूछताछ कर पूरी साजिश का खुलासा करने की कोशिश कर रही है। 18 नवंबर को पटियाला हाउस कोर्ट ने विस्फोट मामले के आरोपित और आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर नबी के सहयोगी जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश को दस दिनों की एनआईए हिरासत में भेजा था। एनआईए ने दानिश को श्रीनगर से गिरफ्तार किया था।

एनआईए के मुताबिक दानिश ने ड्रोन में तकनीकी बदलाव किए और कार बम विस्फोट से पहले रॉकेट तैयार करने की कोशिश की। एनआईए के मुताबिक दानिश ने उमर उन नबी के साथ मिलकर पूरी साजिश को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। राजनीति विज्ञान में स्नातक दानिश को आत्मघाती हमलावर बनाने के लिए उमर ने ब्रेनवाश किया। वह अक्टूबर, 2024 में कुलगाम की एक मस्जिद में डॉक्टर मॉड्यूल से मिलने को तैयार हुआ, जहां से उसे हरियाणा के फरीदाबाद में अल फलाह विश्वविद्यालय में रहने के लिए ले जाया गया।