बरेली, 30 दिसंबर । यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुचारु संचालन के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल ने एक जनवरी 2026 से नई समय-सारणी लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मंडल से होकर गुजरने वाली 40 ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है। संशोधित समय-सारणी एक जनवरी से प्रभावी होगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, कुछ ट्रेनों को पहले की तुलना में जल्दी जबकि कुछ को निर्धारित समय से कुछ मिनट विलंब से चलाया जाएगा। इसमें दिल्ली-टनकपुर, काठगोदाम-नई दिल्ली, काठगोदाम-जम्मूतवी, टनकपुर-देहरादून, रामनगर-चंडीगढ़, टनकपुर-सिंगरौली, टनकपुर-शक्तिनगर सहित कई एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ सवारी, मेमू और डेमू गाड़ियां भी शामिल हैं।
टनकपुर, काठगोदाम, रामनगर, लालकुआं, कासगंज, पीलीभीत, बरेली सिटी, मैलानी और शाहजहांपुर से चलने वाली अनेक सवारी गाड़ियों के समय में भी बदलाव किया गया है। कुछ गाड़ियों का प्रस्थान समय 5 से 45 मिनट तक आगे-पीछे किया गया है, जिससे यात्रियों को कनेक्टिविटी में बेहतर सुविधा मिल सके।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि नई समय-सारणी से ट्रेनों की समयपालन क्षमता बेहतर होगी और यात्रियों को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिलेगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन का संशोधित समय अवश्य जांच लें।
रेलवे की वेबसाइट, एनटीईएस और पूछताछ केंद्रों से बदली हुई समय-सारणी की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।