सिटी एसपी ने बताया कि मैडोना कॉम्प्लेक्स निवासी प्रवीण गोयल ने 6 दिसंबर को अपने फ्लैट का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी होने की शिकायत जुगसलाई थाना में दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था, इसमें सीसीआर डीएसपी और लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी को शामिल किया गया।
जांच के क्रम में पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र के उलियान स्थित सरस्वती पथ निवासी शिवा महानंद और उलियान के ही उपहार अपार्टमेंट निवासी विजय प्रसाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई ब्लू-ब्लैक रंग की होंडा बाइक और चोरी किए गए जेवरात बरामद किया।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि चोरी के कुछ जेवरात उन्होंने सोनारी नया लाइन बी ब्लॉक निवासी राहुल वर्मा को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने राहुल वर्मा को भी गिरफ्तार कर कदमा स्थित उसकी आभूषण दुकान से चोरी के जेवरात बरामद कर जब्त कर लिया।
इसके अलावा आरोपिताें ने सोनारी आदर्शनगर फेज-4 स्थित एक बंद घर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। इस मामले में भी सोने-चांदी के जेवरात की चोरी की गई थी। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने धतकीडीह क्षेत्र से करीब 390 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किया है। इस कड़ी में पुलिस ने प्रदीप प्रसाद नामक एक अन्य आरोपित को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।