ट्रैक्टर पलटने से मजदूर की मौत, चालक घायल

वहीं घटना में चालक दिनेश उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया। एमएमसीएच में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार मजदूर सुजीत चंद्रवंशी और ट्रैक्टर चालक दिनेश उरांव जटेश्वर महतो के ईंट भट्ठे से काम करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर 15 फीट गहरी खायी में पलट गया। इस दौरान ट्रैक्टर के नीचे सुजीत आ गया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में ट्रैक्टर के चालक को गंभीर चोट आयी।

हादसे की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने नावा बाजार थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गुरूवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

घायल मजदूर का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखकर रात में ही रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुजीत के भाई ने एमएमसीएच में बताया कि घटना की जानकारी देने के बाद भी ईंट भट्ठा मालिक न तो मौके पर पहुंचा और न ही अस्पताल में देखने आया। सुजीत के भाई ने ईंट भट्ठा मालिक से मुआवजे की मांग की है।

थाना प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि मृतक के पिता के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।