फुलमनी मूल रूप से अड़की प्रखंड की बिरबांकी पंचायत के इचाकुटी गांव की रहने वाली थी। उसके पिता जीवन नाग खूंटी के अमृतपुर मोहल्ले में चम्पक कुम्हार के मकान में किराये पर रहते हैं और अपने बच्चों की पढ़ाई कराते हैं। फुलमनी ने इसी किराये के घर में फांसी लगा ली।
मामले के संबंध में सांसद प्रतिनिधि पीटर मुंडू ने परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने बताया कि फुलमनी पिछले 22-23 नवंबर से स्कूल नहीं जा रही थी और अक्सर गुमसुम रहती थी। एक दिन उसकी बहन ने उससे कहा था कि यदि स्कूल जाना है तो जाओ, अन्यथा गांव लौट जाओ।
मंगलवार को जब उसके भाई-बहन स्कूल से लौटे, तो उन्होंने देखा कि फुलमनी का शव घर में फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया।