राज्‍य में लूट-खसोट वाली योजनाओं को सरकार दे रही प्राथमिकता : विधायक

कोडरमा, 31 दिसंबर । पूर्व शिक्षा मंत्री और कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव के प्रयास से जिला से सटे फुलवरिया गांव में पहली बार बिजली पहुंची है।

कई ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति मिली तो पेयजल और नागरिक सुविधा के अन्य कार्यों को गति मिली। बुधवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित कर विधायक डॉ नीरा यादव ने मीडिया के माध्यम से किए गए कार्यों की जानकारी दी।

उन्‍होंने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी जनहित के कई मामलों को रखा। इनमें जेटेट की परीक्षा आयोजित करने, डोमचांच के वार्ड 5 को नगर पंचायत से हटाने और जेएसएमडीसी में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त हुए कर्मियों के नियमितीकरण का मामला शामिल है। इसके साथ ही बैंककर्मी सुरेश गुप्ता को हाउस अरेस्ट कर ऑनलाइन ठगी के मामले को भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया।

विधायक डॉ नीरा यादव ने सरकार से जेटेट की परीक्षा जल्द कराने की मांग की। विधायक ने बताया कि डोमचांच के वार्ड पांच में कोई नागरिक सुविधा नहीं मिलती है पर होल्डिंग टैक्स से लेकर अन्य टैक्स की मांग की जा रही है। वहां के लोगों ने नगर पंचायत से हटाकर ग्राम पंचायत में शामिल करने की मांग की है, जिसे विधानसभा के सत्र में रखा गया।

उन्‍होंने बताया कि नए साल में कोडरमा में इंजीनियरिंग कॉलेज चालू होगा तो वहीं मेडिकल कॉलेज निर्माण को और गति मिलेगी। उन्‍होंने बताया कि इन प्रमुख योजनाओं की शुरुआत भाजपा के शासन में की गई थी। उन्होंने बताया कि इलाके में विकास को लेकर रोडमैप तैयार किया गया है और इसी के उनकी ओर से अनुरूप लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार में सिर्फ लूट खसोट मची हैै और ऐसी ही योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री विजय यादव, दिनेश सिंह, वरीय नेता राजेंद्र सिंह, विजय सिंह, चंद्रशेखर जोशी, मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार पंडित सहित अन्य मौजूद थे।