पूर्वी सिंहभूम, 15 दिसंबर । जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (एक्सएलआरआई) में सोमवार को ‘स्टार्टअप कॉन्क्लेव इंजीनियम 6.0’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (पीजीडीएम) जनरल मैनेजमेंट बैच 2025–26 की ओर से किया गया, जिसमें देशभर से आए उद्यमी, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद् तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कॉन्क्लेव का मुख्य विषय तेजी से बदलते तकनीकी एवं बाजार परिवेश में दीर्घकालिक और उद्देश्यपूर्ण व्यवसाय के निर्माण पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम में एक्सएलआरआई के डीन (एकेडमिक्स) प्रो. संजय पात्रो, प्रो. सुनील सारंगी, प्रो. पूर्ण चंद्र पाधान सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रो. संजय पात्रो एवं प्रो. पूर्ण चंद्र पाधान ने कहा कि आज एंड्योरिंग बिजनेस की अवधारणा लगातार विकसित हो रही है। जनसांख्यिकीय परिवर्तन, तेज़ तकनीकी नवाचार और ऑटोमोबाइल उद्योग में आईसीई (इंटरनल कंबशन इंजन) से ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) की ओर हो रहा बदलाव इस प्रक्रिया को और गति दे रहा है।
कॉन्क्लेव के दौरान दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं। पहले पैनल में रणनीतिक लचीलापन, दृष्टि और व्यवहार्यता के संतुलन पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समय के साथ रणनीति, उत्पाद और तकनीक में बदलाव संभव है, लेकिन किसी भी स्टार्टअप की सफलता के लिए संस्थापक की मूल दृष्टि और मूल्यों का स्थिर रहना अत्यंत आवश्यक है।———–