तीन करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का है लक्ष्यः शिवराज सिंह

सरस फूड फेस्टिवल में 62 स्टॉलों पर देशभर के 25 राज्यों की क़रीब 300 से ज्यादा लखपति दीदीयां (महिला उद्यमी) व स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भाग ले रही है। 09 दिसंबर तक चलने वाले सरस फूड फेस्टिवल का आयोजन नई दिल्ली में सुंदर नर्सरी, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स मार्ग, निजामुद्दीन, हुमायूं के मकबरे के पास किया गया है। फूड फेस्टिवल दर्शकों के लिए पूर्वाह्न 11.30 से लेकर रात्रि 9.30 तक खुला रहेगा। इसका उद्देश्य न केवल देश की खाद्य संस्कृति से लोगों को परिचित कराना है बल्कि अन्य ग्रामीण महिलाओं को प्रेरित करना भी है।

सरस फूड फेस्टिवल के तहत दिल्ली और समीपवर्ती राज्यों के लोग 25 राज्यों की संस्कृति और स्वाद के संगम से न केवल रूबरू हो सकेंगे बल्कि इन राज्यों के सामाजिक ताने बाने के बारे में भी जान सकेंगे और इन राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों से भी परिचित हो सकेंगे और उसका स्वाद ले सकेंगे।

इस बार फेस्टिवल में लोग 500 से अधिक व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। इसमें मुख्य रूप से हिमाचली सीडडू, उत्तराखंड का तंदूर चाय, जम्मू-कश्मीर का मशहूर कलारी कुल्चे, हैदराबादी दम बिरयानी, नॉर्थ ईस्टर्न मोमो, बंगाली फ्राइड मछली समेत राजस्थान की कैर सागरी, गट्टे की सब्ज़ी, बाजरे की रोटी, बंगाल की हिलसा, फ़िश करी, तेलंगाना का चिकन, केरल की मालाबार बिरयानी, बिहार का लिट्टी चोखा, पंजाब का सरसों का साग और मक्के की रोटी सहित अन्य राज्यों के पकवान उपलब्ध रहेंगे। इसमें हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और गुजरात सहित अन्य राज्य भी हिस्सा ले रहे हैं।

————