उप्र के हमीरपुर में सामग्रियों की तौल व डिक्लेरेशन में अनियमितता मिली, बड़ी कंपनियों काे नोटिस

हमीरपुर, 19 दिसम्बर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बाट माप विभाग द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत बड़ी कंपनियों में अनियमितताएं सामने आई हैं। तौल उपकरणों और उत्पादों पर किए गए डिक्लेरेशन में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर बाट माप निरीक्षक ने शुक्रवार को वी-मार्ट हमीरपुर, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) तथा रिलायंस कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधित कंपनियों से जवाब प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बाट माप निरीक्षक एस.पी. सिंह ने शुक्रवार को बताया कि विभाग समय-समय पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों, फैक्ट्रियों और रिटेल स्टोरों में तौल यंत्रों तथा पैक्ड उत्पादों की जांच करता है। हाल ही में सुमेरपुर स्थित हिंदुस्तान यूनिलीवर फैक्ट्री की जांच के दौरान तौल करने वाले तराजू में कमी पाई गई। नियमों के अनुसार तौल के लिए उपयोग होने वाले धर्मकांटे के साथ 25 प्रतिशत अतिरिक्त मानक बाट अलग से रखना अनिवार्य होता है, जो जांच के समय मौजूद नहीं पाया गया। इस गंभीर लापरवाही पर कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी प्रकार वी-मार्ट हमीरपुर में बिक्री किए जा रहे हॉट पॉट उत्पाद पर कंपनी द्वारा किया गया डिक्लेरेशन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला।

वहीं रिलायंस कंपनी की धूपबत्ती के पैकेट पर कस्टमर केयर से संबंधित पूरा पता अंकित नहीं पाया गया, जिससे उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने में परेशानी हो सकती है। इसे उपभोक्ताओं के साथ संभावित धोखाधड़ी मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षक ने बताया कि नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाएगी। कुछ इलेक्ट्रॉनिक कांटों में भी गड़बड़ी पाई गई है, जिन पर अलग से कार्रवाई की जाएगी। शासन के निर्देश पर जांच अभियान और तेज किया गया है, जिससे जिले के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।