छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से

रायपुर, 29 जनवरी । छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा। सत्र 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 15 बैठकें होंगी। बजट सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय की ओर से गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है।

बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका विधानसभा को संबोधित करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत मानी जाएगी। अभिभाषण के दौरान राज्यपाल सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और आने वाले समय की प्राथमिकताओं को सदन के सामने रखेंगे।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी राज्य का बजट पेश करेंगे। बजट सत्र में राज्य सरकार वित्तीय वर्ष के लिए आय-व्यय का पूरा ब्यौरा पेश करेगी। बजट पेश होने के बाद सदन में विभिन्न विभागों के खर्च, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

इस सत्र में नए विधेयक भी पेश किए जा सकते हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर अनुपूरक बजट पर भी विचार किया जा सकता है। सत्र के दौरान 2, 3, 5 और 6 मार्च को अवकाश रहेगा और 4 मार्च को होली की छुट्टी रहेगी।