देहरादून, 10 जनवरी । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने शनिवार को राजभवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वे उत्तराखंड उच्च न्यायालय के 15वें मुख्य न्यायाधीश बने हैं।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंद्र का स्थान लिया है, जो शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। न्यायमूर्ति गुप्ता इससे पहले इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने लंबे न्यायिक अनुभव के लिए वे न्यायिक जगत में विशेष पहचान रखते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।