नूंह, 12 जनवरी । पशु कल्याण को बढ़ावा देने और गौशालाओं को आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने पंजीकृत गौशालाओं के लिए नया रियायती बिजली टैरिफ लागू कर दिया है। इस संबंध में निगम द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार अधिसूचना जारी की गई है।
डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार, हरियाणा गौ सेवा आयोग में विधिवत पंजीकृत गौशालाओं को अब 2 रुपये प्रति यूनिट की रियायती दर पर बिजली आपूर्ति की जाएगी। निर्धारित दर और वास्तविक लागत के बीच की शेष राशि राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी के रूप में वहन की जाएगी। यह सब्सिडी केवल मीटर आधारित वास्तविक बिजली खपत पर ही देय होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रियायती टैरिफ का लाभ केवल उन्हीं गौशालाओं को मिलेगा, जिनका पंजीकरण हरियाणा गौ सेवा आयोग में मान्य होगा। पंजीकरण की पुष्टि संबंधित एसडीओ (ऑपरेशन) द्वारा ई-मेल अथवा पत्र के माध्यम से की जाएगी। सभी कनेक्शन अनिवार्य रूप से मीटर आधारित होंगे तथा गौशाला के अतिरिक्त किसी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग की गई बिजली पर यह रियायती दर लागू नहीं होगी। नए टैरिफ प्रावधानों के तहत यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह दरें बिजली शुल्क, नगर कर, पंचायत टैक्स और एफपीपीएएस से अलग होंगी। साथ ही, निगम के बिलिंग सॉफ्टवेयर में प्रत्येक बिलिंग चक्र के दौरान सब्सिडी राशि को अलग से प्रदर्शित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। डीएचबीवीएन ने यह भी साफ किया है कि यदि एक ही पंजीकरण संख्या की कई गौशालाएं अलग-अलग स्थानों पर स्थित हैं, तो हरियाणा गौ सेवा आयोग की अनुमति एवं उपलब्ध विवरण के आधार पर उन्हें अलग-अलग रियायती बिजली कनेक्शन प्रदान किए जा सकेंगे।