शिमला, 27 जनवरी । शिमला पुलिस ने जिला में चिट्टा तस्करी के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच चिट्टा माफियाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी चिट्टा तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़े हुए थे और जिला में नशे के कारोबार को बढ़ावा दे रहे थे।
पुलिस ने कोटखाई थाना क्षेत्र के तहत रंजन गैंग के सरगना रंजन शर्मा और उसके साथी आर्यन को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि रंजन शर्मा पहले भी वर्ष 2024 में चिट्टा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। उस समय वह जमानत पर बाहर था और जमानत पर रहते हुए भी फिर से चिट्टा तस्करी की गतिविधियों में शामिल पाया गया। इसी को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ इस बार सख्त कार्रवाई करते हुए पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तारी की है।
इसके अलावा ठियोग थाना क्षेत्र से एक अन्य चिट्टा माफिया विशाल शर्मा को पकड़ा गया है। वहीं रामपुर के झाकड़ी थाना क्षेत्र से अजय चौहान और न्यू शिमला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कंगनाधार फेज-3 से रवि शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि इन सभी की गतिविधियां लंबे समय से निगरानी में थीं और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
शिमला पुलिस ने बताया कि सभी पांचों आरोपियों को पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस कानून के तहत आरोपी को शुरुआती तौर पर तीन महीने तक हिरासत में रखा जा सकता है। हालांकि, आगे हिरासत में रखने या न रखने का फैसला पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत गठित एडवाइजरी बोर्ड की अनुमति के बाद ही होगा।
पुलिस का कहना है कि जिला में चिट्टा तस्करी और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।