ठियोग में चिट्टे के साथ तस्कर गिरफ्तार

शिमला, 30 जनवरी । शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ पकड़ा गया है। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इस इलाके में नशे की तस्करी हो रही है और कुछ लोग युवाओं को नशे की सप्लाई में लगे हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात ठियोग पुलिस को एक भरोसेमंद सूचना मिली।

सूचना में बताया गया कि एक युवक नन्नी की ओर से मतियाना की तरफ पैदल आ रहा है। उसके कंधे पर एक काला बैग है और वह चिट्टा (हेरोइन) की खरीद-बिक्री में शामिल है। इस सूचना के बाद पुलिस ने अपने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने संदिग्ध युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.140 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में ले लिया और नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। आरोपी की पहचान ठियोग के मतियाना निवासी मोहिंदर ठाकुर के रूप में हुई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।