पानीपत: गांधी स्मारक निधि पट्‌टीकल्याणा में बापू को किया याद

पानीपत, 30 जनवरी । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर गांधी स्मारक निधि आश्रम परिसर में स्मृति सभा का आयोजन किया गया। अतिथियों द्वारा गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर गांधी स्मारक निधि पंजाब, हरियाणा तथा हिमाचल प्रदेश, पट्टीकल्याणा की न्यासी हेमलता रावत ने बताया कि गांधी ने देश को आजादी दिलाने के लिए उन्होंने अनेकों आंदोलन व अनशन किए।

इस अवसर पर गांधी स्मारक निधि, पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश, पट्टीकल्याणा के सचिव आनन्द कुमार शरण ने गांधी जी के जीवन परिचय की जानकारी देते हुए बताया कि गांधी जी ने देश और समाज के लिए अनगिनत कार्य किए जिनके लिए आज और आगे भी गांधी जी को याद किया जाएगा। गांधी जी ने जीवन पर्यन्त अहिंसा का पालन किया और कभी भी हिंसा का समर्थन नहीं किया। गांधी जी ने खादी के लिए चर्खा संघ की स्थापना की और आमजन को इससे जोड़ा। इस अवसर पर अजय कुमार, श्रीमती किरण शरण, सुनीता शर्मा, रोशन लाल, गिरिराज, योगेंद्र यादव, प्रसन्न कुमार व स्मारक निधि पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।