समग्र विकास में शिक्षा की भूमिका आदि विषयों पर चिंतन

पौड़ी गढ़वाल, 30 जनवरी ।गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी घुड़दौड़ी में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद द्वारा यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज़ विषय पर तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया।

इस दौरान समग्र विकास में शिक्षा की भूमिका, आत्म-अन्वेषण, सुख एवं समृद्धि, मानव में सामंजस्य, आत्म में सामंजस्य आदि मूलभूत विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में समाज में सामंजस्य, प्रकृति में सामंजस्य और अस्तित्व में सामंजस्य जैसे व्यापक और समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. वीके बंगा ने कहा कि यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज़ जैसे कार्यक्रम शिक्षकों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक व स्थाई परिवर्तन लाने की क्षमता रखते हैं।

कहा कि तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय मूल्यों का समावेश विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील एवं समाजोपयोगी नागरिक बनाने में सहायक होता है। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीएम दीक्षिता जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में मूल्य-आधारित शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रम शिक्षकों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर स्थानीय समंवयक केडी नारायण, डा. संजय सामंत, डा. मनोज कुमार पाठक आदि शामिल रहे।