गुरुगब्राम: लोहे का गार्डर गिरने से एक मजदूर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

गुरुग्राम, 25 जनवरी । यहां के गांव धुनेला में स्थित एक सोसायटी में लोहे का गार्डर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए उसके साथियों ने मौके पर हंगामा काटा। मौके पर मृतक के परिजन भी पहुंचे। इस घटना में बिल्डर की ओर से पीडि़त परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लोग शांत हुए। मृतक की पहचान नूंह जिला के गांव राहुका के रहने वाले 26 वर्षीय जुनैद खान के रूप में हुई।

जानकारी के अनुसार धुनेला गांव में स्थित फ्लॉवर वैली सेंट्रल पार्क सोसायटी की सडक़ पर बिल्डर द्वारा सौंदर्यकरण के लिए गार्डर लगाकर छत का निर्माण किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अवैध रूप से ये गार्डर लगाए जा रहे थे। हादसे का कारण बताया गया कि वेल्डिंग से काटकर क्रेन की मदद से गार्डर को हटाया जा रहा था। इस दौरान क्रेन की तार टूट गई और गार्डर मजदूर पर गिर गया। मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के हाते ही बाकी मजदूरों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने वहां यातायात को रोकना शुरू कर दिया और लंबा जाम लगा गया। मौके पर परिजन भी पहुंचे। सभी ने बिल्डर व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। मृतक के परिजनों ने बिल्डर व ठेकेदार से बात की। बिल्डर की ओर से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की बात कही गई। दोनों पक्षों में कार्रवाई न करने को लेकर समझौता हो गया। पुलिस के मुताबिक बिल्डर द्वारा मृतक जुनैद खान के परिजनों को मुआवजे के तौर पर 14 लाख रुपए देने की बात कही। भौंडसी थाना प्रभारी सुरेंद्र ने रविवार को बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया है। मामले में परिजनों ने कोई भी शिकायत देने से इनकार कर दिया।