गुरुग्राम, 27 जनवरी । नगर निगम गुरुग्राम की वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक मंगलवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़ी लगभग 142 करोड़ रुपये की 25 प्रमुख परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई। इस अवसर पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया, वित्त एवं संविदा कमेटी सदस्य पार्षद अनूप सिंह व सुंदर सिंह, चीफ इंजीनियर विजय ढाका, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार सहित संबंधित कार्यकारी अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न गांवों, कालोनियों और सेक्टरों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। स्वीकृत परियोजनाएं मुख्य रूप से सीवरेज, सडक़ों, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटिंग और स्वच्छता ढांचे को सुदृढ़ करने से जुड़ी हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में वर्षों पुरानी सीवर लाइनों की समस्या को देखते हुए 600 मिमी व्यास की पुरानी सीवर लाइनों के पुनर्वास और सुदृढ़ीकरण को स्वीकृति दी गई है। यह कार्य विशेष रूप से वार्ड-27, सिविल लाइंस, सदर बाजार और जैकबपुरा क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सेक्टर-9, 9 और अन्य जलभराव प्रभावित इलाकों में स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम बिछाने और डिस्पोजल नेटवर्क विकसित करने को मंजूरी दी गई है, जिससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
बैठक में कई क्षेत्रों में आरएमसी सडक़ों के निर्माण और पुनर्निर्माण के प्रस्ताव पारित किए गए। धनवापुर रोड, मदनपुरी, सेक्टर-46, साउथ सिटी-1, सेक्टर-15 पार्ट-2 और सेक्टर-18 में सडक़ों की मजबूती और री-कार्पेटिंग से यातायात सुगम होगा। इसके अलावा राजेंद्र पार्क से धनवापुर चौक तक आरएमसी सडक़ के पुनर्निर्माण को भी स्वीकृति दी गई, जिससे हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। नगर निगम सीमा से जुड़े ग्रामीण और नवविकसित क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। धनकोट, दौलताबाद, धुमसपुर, मैदावास और न्यू पालम विहार कॉलोनी में सीवर, पेयजल पाइपलाइन, आंतरिक सडक़ों और जल निकासी नेटवर्क के विकास एवं उन्नयन कार्यों को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कई क्षेत्रों में सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट्स के विकास, उन्नयन और सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा धर्मपुर गांव में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में अटल पार्क एवं अटल स्मृति केंद्र के विकास कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की गई।